सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अंचल अंतर्गत कुरली गांव में आदिवासी जमीन विवाद ने तूल पकड़ लिया है। मेसर्स जय मंगला स्पंज आयरन प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधन पर आदिवासी रैयत सनाराम माझी की जमीन अवैध तरीके से कब्जाने का आरोप लगा है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज झारखंड श्रमिक संघ (झामुमो) ने मंगलवार को चांडिल प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।संघ के केंद्रीय महासचिव शैलेंद्र मैथी के नेतृत्व में सैकड़ों महिला-पुरुष रैली निकालकर कार्यालय पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप है कि कंपनी प्रबंधन ने जमीन पर चारदीवारी बना दी, मेड़ समतल कर दिया और पलाश के पेड़ों को काट दिया।संघ के अनुसार, पीड़ित परिवार ने 16 अक्टूबर को अंचल अधिकारी समेत जिला प्रशासन के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी थी। वहीं, 21 अक्टूबर को चौका थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने पहुंचे पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया गया। बाद में डाक के माध्यम से आवेदन भेजा गया।शैलेंद्र मैथी ने कहा कि आदिवासियों की जमीन की सुरक्षा में प्रशासन की निष्क्रियता गंभीर मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि 7 से 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो कंपनी का घेराव कर अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा।वहीं, जमीन मालिक के परिजन रीजू माझी ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और थाना में प्राथमिकी लेने से इनकार किए जाने की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।संघ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए। फिलहाल, मामले पर कंपनी प्रबंधन और जिला प्रशासन की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।