मोतिहारी | ओमप्रकाश तिवारी
पूर्वी चंपारण जिले में कालाजार उन्मूलन का लक्ष्य हासिल होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है। वर्ष 2026 में जिले में कालाजार के 15 वीएल (विसरल लीशमैनियासिस) और 8 पीकेडीएल (पोस्ट कालाजार डर्मल लीशमैनियासिस) के मामले सामने आए हैं। सभी मरीजों का उपचार सरकारी अस्पतालों में कराया गया है।
इसी को लेकर मंगलवार को जिला स्वास्थ्य समिति स्थित आरोग्य भवन सभागार में सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्टाफ नर्स, वीडीसीओ और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लिया।
बैठक में सिविल सर्जन ने कहा कि जिले से कालाजार का उन्मूलन हो चुका है, लेकिन इसे लेकर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। पुराने प्रभावित क्षेत्रों में बीमारी के दोबारा फैलने की आशंका बनी रहती है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को सतर्कता के साथ संदिग्ध मरीजों की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि कालाजार बालू मक्खी के काटने से फैलता है, इसलिए लोगों के बीच जागरूकता जरूरी है।
डब्ल्यूएचओ की डिविजनल कोऑर्डिनेटर माधुरी देवराजू ने प्रोजेक्टर के माध्यम से स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि कालाजार पर नियंत्रण के लिए केवल सामने आए मरीजों का इलाज पर्याप्त नहीं है, बल्कि संदिग्ध मरीजों की लगातार खोज भी जरूरी है। जिन प्रखंडों में अब तक मामले सामने नहीं आए हैं, वहां भी स्वास्थ्यकर्मियों को सक्रिय रहना होगा। विशेष रूप से पीकेडीएल मरीजों की नियमित निगरानी पर जोर दिया गया। प्रशिक्षण में बीमारी के लक्षण, जांच प्रक्रिया, दवाओं की निर्धारित खुराक, उपचार और रिपोर्टिंग की जानकारी दी गई।
दो सप्ताह से अधिक बुखार रहने पर कराएं जांच
डब्ल्यूएचओ के मनोज तुमराडा ने बताया कि किसी व्यक्ति को लगातार दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक बुखार रहने पर चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए। संदिग्ध मरीजों की जांच निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आरके-39 किट से करने की जानकारी दी गई। पूर्व में कालाजार से पीड़ित रहे लोगों में दोबारा लक्षण दिखने पर पुष्टि जांच कराने और मरीजों की एचआईवी जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
वहीं, डीआईओ डॉ. शरत चंद्र शर्मा ने कहा कि त्वचा पर सफेद या लाल धब्बे दिखाई देने पर उन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। विशेष रूप से पूर्व में कालाजार से पीड़ित रह चुके लोगों को ऐसे लक्षण दिखने पर नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करानी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से लंबे समय तक बुखार रहने अथवा त्वचा पर असामान्य धब्बे और गांठें दिखाई देने पर सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध निःशुल्क जांच सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।
सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने कहा कि कालाजार उन्मूलन के लक्ष्य को बनाए रखने में जमीनी स्तर पर काम करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम के माध्यम से पीकेडीएल मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने 1990 के दशक में कालाजार की जांच और उपचार से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मरीजों की लंबित क्षतिपूर्ति राशि का भुगतान जल्द कराने का निर्देश दिया।
मरीजों को मिलती है 7100 रुपये तक की सहायता
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. निकेश कुमार ने बताया कि कालाजार मरीजों को श्रम क्षतिपूर्ति के रूप में 7100 रुपये तथा पीकेडीएल मरीजों को 4000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
मौके पर वीडीसीओ धर्मेंद्र कुमार, सत्यनारायण उरांव, रविंद्र कुमार, राकेश कुमार, पिरामल के पीयूष कुमार, पप्पू कुमार, सिफार के सिद्धांत कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।