रफ्तार संवाददाता/ हजारीबाग: हजारीबाग के नए एसपी के रूप में पदभार संभालते ही अमन कुमार ने अपने काम का दम दिखा दिया है। पदभार ग्रहण करते समय जो बातें उन्होंने कही थी वह चंद दिनों में ही धरातल पर दिखने लगा है। इतने कम समय में ही हजारीबाग पुलिस की कार्यशैली में बड़ा बदलाव देखने को मि रहा है।
एसपी अमन कुमार के नेतृत्व में अब हजारीबाग पुलिस दिन ही नहीं बल्कि रात में भी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। अपराधियों, सट्टेबाजों और वारंटियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। थानों की सुस्ती खत्म कर पुलिस को फील्ड में उतार दिया गया है। सबसे खास बदलाव यह है कि एसपी का दफ्तर अब बंद कमरों से निकलकर सीधे जनता के बीच पहुंच गया है। आम लोगों की शिकायतों को प्राथमिकता दी जा रही है और तुरंत कार्रवाई की जा रही है। यहां तक कि एसपी खुद भी देर रात तक कॉल रिसीव कर मामलों की जानकारी ले रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले जहां पुलिस तक पहुंचना मुश्किल था, वहीं अब जनता और पुलिस के बीच दूरी कम हुई है। अब लोग जरूरत के अनुसार किसी भी दिन सीधे एसपी से मिलकर अपनी बात रख पा रहे हैं। इधर लगातार छापेमारी और कार्रवाई से अपराधियों में भी हड़कंप मचा हुआ है।