दिनेश कुमार रजक,रफ्तार मीडिया संवाददाता,मिहिजाम
नशे के खिलाफ जंग में 23 जून को जामताड़ा प्रखंड के मिहिजाम नगर क्षेत्र के स्टेशन रोड पर आमजन को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। सत्यमेव जयते फाउंडेशन के सचिव राजेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में टीम ने लोगों को नशे के दुष्प्रभाव समझाए और जिला प्रशासन से प्राप्त बुकलेट ड्रग्स के कुचक्र को तोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो का वितरण किया। बुकलेट में नशे से होने वाले शारीरिक और मानसिक नुकसान, परिवार पर असर और इससे बाहर निकलने के उपाय विस्तार से बताए गए हैं। शर्मा ने लोगों को बताया कि नशा सिर्फ व्यक्ति को नहीं, पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने राहगीरों, दुकानदारों और युवाओं को टोल फ्री नंबर 112 की जानकारी दी और कहा कि नशे की लत से जूझ रहे कोई भी व्यक्ति या परिवार इस नंबर पर संपर्क कर जिला प्रशासन से मुफ्त परामर्श और मदद ले सकता है। अभियान के दौरान फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने आमजनों से अपील की कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और समाज में कहीं भी नशे का कारोबार दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें। लोगों ने बुकलेट लेकर संकल्प लिया कि वे नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी दूर रखेंगे।