रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

बिना लोन राशि मिले बैंक ऑफ इंडिया से रिकवरी नोटिस मिलने के बाद आसनचुवा पंचायत के उदलबनी गांव में हड़कंप मच गया है। कथित वित्तीय अनियमितता के इस मामले से प्रभावित 25 से अधिक परिवारों में भारी आक्रोश और चिंता का माहौल है। क्या है पूरा मामला? ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2020-21 के दौरान उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड लोन के लिए सीएसपी केंद्रों के माध्यम से बैंक ऑफ इंडिया की मिहिजाम शाखा में दस्तावेज जमा कराए थे। उन्हें आश्वासन दिया गया था कि लोन की राशि सीधे उनके बैंक खातों में आएगी। हालांकि, सालों तक न तो कोई राशि खाते में आई और न ही लोन की कोई सूचना मिली। अचानक थमाए गए भारी-भरकम नोटिस बीते दिनों अचानक ग्रामीणों के घर 20 हजार से लेकर 60 हजार रुपये तक की बकाया वसूली के नोटिस पहुंचने लगे। सुरेश प्रसाद महतो समेत दर्जनों पीड़ित ग्रामीणों ने इसे एक सुनियोजित धोखाधड़ी बताया है। थाने में शिकायत, जांच की मांग ठगी के शिकार ग्रामीणों ने मिहिजाम थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच, फर्जीवाड़े में शामिल दोषियों की पहचान और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि निर्दोष ग्रामीणों को मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न से बचाया जा सके।