कानपुर। संवाददाता राजन साहू
जनता की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देर रात सीएम ग्रिड रोड निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया गया, जहां सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी उजागर हुई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सड़क पर निर्माण कार्य जारी होने के बावजूद न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था थी और न ही राहगीरों की सुरक्षा के लिए डायवर्सन बोर्ड व संकेतक लगाए गए थे। इस लापरवाही पर संबंधित ठेकेदार को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाई गई।
मौके पर ही नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने और ठेकेदार को सुरक्षा संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्देशित किया गया कि जिन घरों के सामने गड्ढे खोदे गए हैं, जिससे लोगों के आवागमन में बाधा आ रही है, उन्हें अविलंब दुरुस्त कर रास्ता सुगम बनाया जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समस्त निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में दोबारा ऐसी लापरवाही पाई गई तो संबंधित निर्माण कंपनी पर भारी जुर्माना लगाने के साथ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विकास के नाम पर आम जनता को असुविधा और खतरे में डालना स्वीकार नहीं किया जाएगा।