दिनबंधु राउत /  जामताड़ा :जामताड़ा में जिला रक्त अधिकोष में एनएटी मशीन की अनुपस्थिति को लेकर स्वास्थ्य अधिकारियों को पत्र लिखकर शीघ्र व्यवस्था करने की मांग उठाई गई है। एनएटी मशीन रक्त की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक मानी जाती है, क्योंकि इसके माध्यम से HIV, Hepatitis B, Hepatitis C जैसी गंभीर संक्रमणों का प्रारंभिक स्तर पर सटीक परीक्षण संभव है। जिला स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में एनएटी मशीन की गैरमौजूदगी के कारण रक्त जांच की प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और आधुनिक मानकों के अनुरूप नहीं हो पा रही है।इसके कारण रक्त परीक्षण के लिए जांच सामग्री रांची भेजी जाती है, जिसमें 2-3 दिन का समय लग जाता है। इस विलंब के कारण जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता और उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा पर संभावित जोखिम उत्पन्न हो जाता है। पत्र में जिला स्वास्थ्य विभाग ने विनम्र अनुरोध किया है कि जामताड़ा रक्त अधिकोष में एनएटी मशीन की शीघ्र व्यवस्था की जाए, ताकि जिले के मरीज सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण रक्त प्राप्त कर सकें। इस मुद्दे को गंभीरता से लेने की अपील करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि एनएटी मशीन उपलब्ध होने से रक्त संक्रमण की आशंका कम होगी और आपातकालीन जरूरतों में मरीजों को तुरंत रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा। प्रतिलिपि में उपायुक्त जामताड़ा, झारखंड स्वास्थ्य मंत्रालय और स्वास्थ्य मंत्रालय, भारत सरकार को भी अवगत कराया गया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा।