हरियाणा सरकार ने पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म सहित प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की सिफारिशों के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शुमार इन पुरस्कारों की घोषणा 26 जनवरी, 2027 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाएगी।

 हरियाणा के मुख्य सचिव  अनुराग रस्तोगी द्वारा ने राज्य के सभी प्रशासकीय सचिवों, मंडल आयुक्तों और उपायुक्तों को लिखे एक पत्र में निर्देश दिए हैं कि पद्म पुरस्कारों के लिए सिफारिशें political2.hry@gmail.com या hrathee.cso@hry.gov.in पर 10 जून, 2026 तक भेजी जानी चाहिए। केन्द्र सरकार द्वारा केवल ऑनलाइन पोर्टल https://awards.gov.in केमाध्यम से भेजे गए नामांकन या सिफारिशें ही स्वीकार की जाएंगी। इसलिए सिफारिशें  उपयुक्त फॉर्मेट में ही भेजी जानी चाहिए।

 इन पुरस्कारों के लिए ऑनलाइन नामांकन/सिफारिशें 15 मार्च, 2026 से शुरू हो चुकी हैं और नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई, 2026 है। इस समय-सीमा का कड़ाई से पालन किया जाना आवश्यक है, निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त किसी भी नामांकन या सिफारिश पर विचार नहीं किया जाएगा।

 पद्म पुरस्कारों, अर्थात् पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म, को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार माना जाता है। वर्ष 1954 में शुरू हुए इन पुरस्कारों की घोषणा हर साल गणतंत्र दिवस के अवसर पर की जाती है। इन पुरस्कारों का उद्देश्य “विशिष्ट कार्य” को सम्मानित करना है। ये सम्मान कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक कार्य, सिविल सेवा, व्यापार एवं उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण और विशिष्ट उपलब्धियों अथवा सेवाओं के लिए दिए जाते हैं। ये पुरस्कार जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के आधार पर बिना किसी भेदभाव के, सभी व्यक्तियों के लिए हैं।

 इन पुरस्कारों के लिए परंपरागत रूप से सभी राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों से तथा अन्य विभिन्न स्रोतों से नामांकन आमंत्रित किए जाते हैं, ताकि व्यापक स्तर पर योग्य व्यक्तियों पर विचार किया जा सके।

 पद्म पुरस्कारों के लिए सभी नामांकन/सिफारिशें केवल ऑनलाइन माध्यम से राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल https://awards.gov.in केजरिए ही स्वीकार की जाएंगी। नामांकन या सिफारिशों में इस पोर्टल पर उपलब्ध निर्धारित प्रारूप में सभी आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से भरते हुए उस व्यक्ति की अपने क्षेत्र में विशिष्ट और असाधारण उपलब्धियों या सेवाओं का पूरा विवरण दिया जाना आवश्यक है। किसी व्यक्ति की ऑनलाइन सिफारिश करते समय यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी आवश्यक जानकारी सही और पूर्ण रूप से भरी गई हो। ऑनलाइन सिफारिश करने की प्रक्रिया से संबंधित सभी चरण पोर्टल पर उपलब्ध हैं। इन पुरस्कारों से संबंधित अधिनियम और नियमों की प्रति भी वेबसाइट https://padmaawards.gov.in पर उपलब्ध है।

 पूर्व में यह देखा गया है कि बड़ी संख्या में व्यक्तियों के नामांकन प्राप्त होने के बावजूद भी कई ऐसे प्रतिभाशाली व्यक्ति रह जाते हैं, जिन्होंने अपने क्षेत्र में असाधारण योगदान दिया होता है, लेकिन वे विचार से बाहर रह जाते हैं। अक्सर ऐसे लोग इसलिए भी अनदेखे रह जाते हैं क्योंकि वे स्वयं प्रचार या सार्वजनिक पहचान की इच्छा नहीं रखते। इसलिए ऐसे व्यक्तियों की पहचान करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं, जिनकी उत्कृष्टता और उपलब्धियां सम्मानित किए जाने योग्य हैं, और उनके पक्ष में उपयुक्त नामांकन भेजे जाएं। ऐसे योग्य व्यक्तियों को सम्मानित करने से इन पुरस्कारों की गरिमा और प्रतिष्ठा और अधिक बढ़ेगी।