रफ्तार मीडिया/गिरिडीह:मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सांप्रदायिक सौहार्द के वातावरण में संपन्न कराने के लिए गिरिडीह जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह से अलर्ट है। त्योहार के दौरान जिले में कानून एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के संयुक्त नेतृत्व में जिले के विभिन्न शहरी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। इस फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा का भाव पैदा करना और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना है। फ्लैग मार्च के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस के वरीय अधिकारियों सहित भारी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च के उपरांत उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से गिरिडीह के समस्त नागरिकों से मिलजुलकर त्योहार मनाने की अपील की। अधिकारी द्वय ने सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी तरह की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की व किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को देने की बात कही।