संवाददाता: राजन साहू | कानपुर
*कानपुर*। सावन माह के मद्देनजर परमट स्थित श्री आनंदेश्वर महादेव मंदिर में तैयारियां तेज हो गई हैं। तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन कर बाबा का आशीर्वाद लिया।
पूजन के बाद जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर से राजा घाट तक की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, सुविधा, स्वच्छता, यातायात, पेयजल और प्रकाश की पुख्ता व्यवस्था समय से पूरी की जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन समन्वय से काम करेंगे। सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम भी मुस्तैद रहेगी। मंदिर परिसर में मैटिंग बिछाई जाएगी। खोया-पाया केंद्र, साउंड सिस्टम और सीसीटीवी कैमरों से पूरे क्षेत्र पर निगरानी रखी जाएगी।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परमट पुलिस चौकी के पास चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा, जिसमें पैरामेडिकल स्टाफ तैनात रहेगा। इसी तरह राजा घाट पर भी मेडिकल कैंप स्थापित किया जाएगा। पुष्पेंद्र पेट्रोल पंप से मंदिर तक बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया जाएगा।
इस अवसर पर श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के गुरु मूर्ति परम पूज्य श्री विवेकपुरी जी महाराज, परम पूज्य श्री हितेश्वर गिरी जी महाराज, परम पूज्य श्री अत्रीवन जी महाराज, पूज्य श्री मथुरा गिरी जी महाराज, पूज्य डॉ. सुनील गिरी जी महाराज, मीडिया प्रभारी आशुतोष कुमार 'अंश', मंदिर प्रशासन और आचार्यगण उपस्थित रहे। सभी संतों ने जिलाधिकारी का स्वागत किया और मेला शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।