दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो
बोकारो में स्वर्गीय सुभाष मोदी की मौत के बाद पिछले 11 दिनों से नियोजन की मांग को लेकर एडीएम बिल्डिंग के पास अनशन पर बैठे परिजनों का संघर्ष आखिरकार सफल हो गया। सोमवार को उपायुक्त अजय नाथ झा के हस्तक्षेप से इस मामले का समाधान निकला और अनशन समाप्त कराया गया। उपायुक्त ने स्वयं परिजनों को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया, जिससे पूरे घटनाक्रम का भावनात्मक समापन हुआ।
बीएसएल प्रबंधन की सहमति के बाद सुभाष मोदी के परिवार के दो सदस्यों को बोकारो स्टील प्लांट परिसर में कार्यरत हाईटेक इंजीनियरिंग के माध्यम से कुशल ठेका मजदूर के रूप में नियोजन प्रदान किया गया। लंबे समय से चल रही इस मांग को लेकर परिजन लगातार धरना और अनशन कर रहे थे।
प्रशासनिक पहल के बाद मिले इस निर्णय से परिजनों को बड़ी राहत मिली है। साथ ही बीएसएल प्रबंधन ने यह भी आश्वासन दिया कि परिवार को पहले की तरह चिकित्सा सुविधा और आवास की सुविधा मिलती रहेगी। इस समाधान के बाद स्थानीय लोगों में भी संतोष और राहत का माहौल देखा गया। मालूम हो कि मौत के बाद से मृतक का शव मर्चरी में पड़ा था, जिसका अब दाह संस्कार किया जायेगा।डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि अनशन खत्म हो गया है, पीड़ित परिवार के साथ जिला प्रशासन खड़ा है। जो इनकी मांगे थी उसे पूरा की गई है।