ओडिशा के नवनियुक्त राज्यपाल एवं अखिल भारतीय धोबी महासंघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद ब्रजमोहन राम का बुधवार को कुड़ू में जोरदार स्वागत किया गया. वे रांची से लातेहार जिले के चंदवा स्थित मां उग्रतारा मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे. इसी दौरान कुड़ू के इंदिरा गांधी चौक स्थित शिव मंदिर परिसर में भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और धोबी महासंघ के सदस्यों ने उनका स्वागत किया. इस अवसर पर धोबी महासंघ के राजू कुमार रजक ने उन्हें संविधान की पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया. स्वागत समारोह के दौरान नवनियुक्त राज्यपाल ब्रजमोहन राम ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि महामहिम द्वारा उन पर जताए गए विश्वास पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी. साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि आम लोगों के लिए लोक भवन सुलभ रहेगा, ताकि जनता अपनी समस्याओं और जरूरतों को लेकर वहां पहुंच सके. ब्रजमोहन राम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर उन्हें राज्यपाल नियुक्त होने पर बधाई दी है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को वे पूरी ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे. इस मौके पर धीरज प्रसाद, राजू कुमार रजक, विनोद कुमार राम, बरुण बैठा, रामखेलावन राम, नवीन कुमार टिंकू और अमित कुमार बंटू समेत कई भाजपा नेता, कार्यकर्ता एवं धोबी महासंघ के सदस्य उपस्थित थे. स्वागत कार्यक्रम के दौरान समर्थकों में उत्साह देखा गया.