चेंगायडीह गाँव में नेशनल ह्यूमन राइट एंड जस्टिस मूवमेंट के बैनर तले नसीम अंसारी को किया गया सम्मानित
जामताड़ा / दिनबंधु राउत:जामताड़ा विधानसभा क्षेत्र के चेंगायडीह गाँव में नेशनल ह्यूमन राइट एंड जस्टिस मूवमेंट के बैनर तले एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के केंद्रीय सचिव हाफिज एहतेशामुल मिर्जा एवं झारखंड प्रदेश महासचिव अकबर अंसारी उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण छह वर्षीय मासूम बच्चे की जान बचाने वाले बहादुर नसीम अंसारी का सम्मान रहा। हाफिज एहतेशामुल मिर्जा ने नसीम अंसारी को पुष्प गुच्छ, माला और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नसीम का साहसिक कदम केवल एक बच्चे की जान बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के लिए मानवता, बहादुरी और सामाजिक जिम्मेदारी का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और युवाओं को प्रेरणा प्रदान करते हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मिर्जा ने शिक्षा व्यवस्था पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों, विशेषकर बच्चियों, को नियमित रूप से स्कूल भेजें। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे शिक्षित नहीं होंगे तो न तो गांव का विकास संभव है और न ही व्यक्ति का समुचित विकास हो सकता है। उन्होंने स्कूलों की नियमित निगरानी पर भी जोर देते हुए कहा कि शिक्षा केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए, इसके लिए समाज को सजग रहना होगा। समारोह में डॉ. कमरुद्दीन अंसारी, सद्दाम अंसारी, मजीद अंसारी, एहसान अंसारी, इमामुद्दीन अंसारी, अरशद अंसारी, निजामुद्दीन अंसारी, मन्नान अंसारी, अख्तर अंसारी, मिथुन अंसारी, शराफत अंसारी, नजरुल अंसारी, नजीर अंसारी, बाबू अंसारी एवं मौलाना सिद्दीक अंसारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
Raftaar Media | सच के साथ