सिद्धार्थनगर: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार को पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बांसी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, शिक्षण कार्य, छात्रावास, भोजनालय एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले विद्यालय की उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया, जिसमें सभी अध्यापक उपस्थित पाए गए। इसके बाद उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बालक एवं बालिका छात्रावास तथा भोजनालय का भी निरीक्षण किया।
विद्यालय परिसर और मैदान में गंदगी एवं घास उगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने डिप्टी कमिश्नर, नवोदय विद्यालय समिति, लखनऊ को विद्यालय के प्रधानाचार्य के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई हेतु संस्तुति पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय में साफ-सफाई एवं विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए 15 दिन की समय-सीमा निर्धारित की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित अवधि में साफ-सफाई की व्यवस्था तथा जनरेटर सहित विद्युत व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम के औचक निरीक्षण के बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप की स्थिति रही। जिलाधिकारी ने विद्यालय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ परिसर की स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।