मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले में आज 21 जुलाई 2026 को पांचवें चरण (Fifth Phase) के तहत 23 प्रखंडों के 71 पंचायतों में सहयोग शिविर (Sahyog Camp) आयोजित किए जाएंगे। बिहार सरकार के निर्देश पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों, समस्याओं और सुझावों का पंचायत स्तर पर ही त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है।

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि उन्हें आवंटित प्रखंड और पंचायतों में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) के साथ समन्वय स्थापित कर सहयोग शिविर का सफल संचालन सुनिश्चित करें। इसके लिए जिला से लेकर पंचायत स्तर तक सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

प्रशासन ने बताया कि सहयोग शिविर से जुड़ी जानकारी टोल फ्री नंबर 1100 पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से शाम 8 बजे तक प्राप्त की जा सकती है। वहीं, नागरिक sahyog.bihar.gov.in पोर्टल पर भी अपनी शिकायत Online दर्ज कर सकते हैं। दर्ज शिकायतों के 30 दिनों के भीतर निष्पादन का लक्ष्य रखा गया है।

आज आयोजित होने वाले शिविरों में आदापुर, छौरादानो, रामगढ़वा, रक्सौल, बनकटवा, चिरैया, ढाका, घोड़ासहन, मधुबन, पताही, बंजरिया, कोटवा, मोतिहारी, सुगौली, तुरकौलिया, चकिया, कल्याणपुर, केसरिया, मेहसी, अरेराज, हरसिद्धि, पहाड़पुर और संग्रामपुर प्रखंडों के चयनित पंचायतों में लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने बताया कि फेनहारा, पिपराकोठी, तेतरिया और पकड़ीदयाल प्रखंडों के सभी पंचायतों में पहले ही सहयोग शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त कर उनका गुणवत्तापूर्ण (Quality Disposal) और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।