शिकारीपाड़ा/दुमका/रफ्तार मीडिया/ललित कुमार पाल।
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा स्थित सरसजोल डिग्री कॉलेज में रविवार, 26 जुलाई 2026 को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के सीधे प्रसारण का भव्य आयोजन किया गया। सुबह 11:00 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री के विचारों और संदेशों को सुना। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखा गया। खासकर आदिवासी समाज में इसको लेकर ज्यादा ही उत्साह देखने को मिला, सभी पारंपरिक परिधान पहन कर पहुंचे थे।
इस आयोजन की कमान कार्यक्रम प्रभारी परितोष सोरेन ने संभाली, जिनकी देखरेख में प्रसारण की सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संपन्न हुईं। इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल विशेष रूप से उपस्थित रहे। उनके साथ शिकारीपाड़ा क्षेत्र के दोनों मंडल अध्यक्ष—विद्युत बरन मंडल और हेमंत साहा एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष सुभाशीष चटर्जी भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते नजर आए।
'मन की बात' के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से सीधा संवाद साधा और विभिन्न प्रेरणादायक विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री के संबोधनों को ध्यानपूर्वक सुना और उनसे प्रेरणा ली। स्थानीय नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संवाद समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक ऊर्जा पहुंचाने और देश के विकास में हर नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने का एक सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से रामनारायण भगत, सुचांत दास, आदि भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता मौजूद थे।