बगहा / मोहम्मद इम्तियाज :पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में भाजपा विधायक राम सिंह ने रविवार को अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की। विधायक ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए मरीजों को समय पर इलाज और दवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान विधायक की मुलाकात पकड़भिंडा निवासी वासुदेव सहनी के घायल पुत्र से हुई, जिस पर हाल ही में मगरमच्छ ने हमला कर दिया था। विधायक ने चिकित्सकों से बातचीत कर बच्चे के समुचित और बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने डॉक्टरों को इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
इसके साथ ही विधायक राम सिंह ने वन विभाग के अधिकारियों से भी वार्ता की और पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से मिलने वाली सहायता राशि एवं मुआवजा जल्द उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में पूरा क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। विधायक ने ईश्वर से घायल बच्चे के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।