दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
झारखंड लोक सेवा आयोग एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितता और सीटों की कथित खरीद-फरोख्त के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जामताड़ा के बैनर तले गुरुवार को शहर में मशाल जुलूस निकाला गया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और परिषद कार्यकर्ताओं ने इसमें भाग लेते हुए राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा पूर्व में विवादों में रही परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। मशाल जुलूस मां चंचला चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सुभाष चौक पहुंचा, जहां सभा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। प्रदर्शनकारियों के हाथों में मशाल और तख्तियां थीं, जिन पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग संबंधी संदेश लिखे थे। इस अवसर पर अभाविप जामताड़ा के जिला संयोजक संजय मंडल ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार भर्ती परीक्षाओं पर सवाल उठने से अभ्यर्थियों का मनोबल टूटता है और पूरी चयन प्रक्रिया की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित अनियमितताओं के कारण योग्य अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ अन्याय हो रहा है। नगर मंत्री प्रकाश यादव ने कहा कि छात्र केवल निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चाहते हैं। यदि किसी परीक्षा में अनियमितता हुई है तो उसकी उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दी जानी चाहिए। वहीं विभाग प्रमुख चंदन रजक ने राज्य सरकार से लंबित भर्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित बनाने और भर्ती प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। मौके पर भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष कुणाल सिंह, अभाविप पूर्व कार्यकर्ता आकाश साव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य निर्भय मण्डल, कॉलेज अध्यक्ष ललन यादव, राहुल लाल, किशोर यादव, मुकेश रवानी, सोनू रावत, सुखदेव रजक, मुकेश साहू, कमल रजक, राहुल यादव, प्रदीप यादव, श्याम यादव,अमित यादव, राकेश मंडल, तरुण साहू, दीपक साहू, सागर बाउरी, अमन प्रसाद, छोटू कुमार,अमित यादव, जीत दुबे, टिंकू मंडल, पवन मंडल, राजकुमार मंडल, किशोर रवानी, राहुल लाल, किशोर यादव, सागर बाउरी, रमेश मंडल, अमन शर्मा, अमन कुमार आदि विद्यार्थी मौजूद थे।