दिनबंधु राउत / जामताड़ा :जामताड़ा सदर प्रखंड क्षेत्र के आदर्श ग्राम पंचायत बड़जोड़ा में  झारखंड बाल संसद भवन एवं झारखंड कला संस्कृति अखाड़ा की जर्जर स्थिति को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मरम्मत की मांग की है। इस संबंध में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सह समाजसेवी मनतोष कुमार महतो के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी अविश्वर मुर्मू को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि उक्त भवन का निर्माण लाखों रुपये की लागत से गांव के बच्चों एवं युवाओं के शैक्षणिक, सांस्कृतिक तथा सामाजिक विकास के उद्देश्य से किया गया था। लेकिन वर्तमान में उचित देखरेख के अभाव में भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है, जिससे इसका उपयोग लगभग ठप पड़ गया है। भवन की खराब स्थिति के कारण बच्चों एवं युवाओं की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं और यह अपने मूल उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रहा है।प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड प्रशासन से मांग की कि भवन का शीघ्र निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि इसे पुनः उपयोग में लाया जा सके। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र के युवाओं के विकास का एक महत्वपूर्ण केंद्र रहा है, इसलिए इसकी उपेक्षा उचित नहीं है। इस दौरान मुखिया खुसबू टुडू, पंचायत समिति सदस्य स्वर्णलता टुडू, समाजसेवी रबिन्द्र पांडेय, उगल महतो, प्रकाश महतो, बिष्णु मुर्मू सहित कई वार्ड सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।