सोनवर्षा राज/सहरसा:जिला के सोनवर्षा राज प्रखंड क्षेत्र के माली खाड़ा मुख्य मार्ग पर भस्ती दरगाह के समीप बुधवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर के कारण हुआ।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवर्षा पहुंचाया।वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया गया।
मृतकों में एक की पहचान नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या 14 निवासी 45 वर्षीय सुनील स्वर्णकार के रूप में की गई है। वहीं, दूसरे मृतक और घायल युवक की पहचान खबर लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। घायल युवक ने होश में आने पर खुद को मधेपुरा जिले के आलमनगर का निवासी बताया, लेकिन इसके बाद वह बेहोश हो गया।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही सीएचसी सोनवर्षा में मृतक के परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे माहौल गमगीन हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
काशनगर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतकों व घायल की पहचान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।