कानपुर, संवाददाता राजन साहू।

महानगर कांग्रेस ने रविवार को सीसामऊ विधानसभा में 'वोट बचाओ-देश बचाओ' पदयात्रा निकाली। पदयात्रा में कांग्रेसियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई।

महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता की अध्यक्षता में निकली पदयात्रा में राष्ट्रीय सचिव जगदीश जांगिड़ और राष्ट्रीय पर्यवेक्षक मनमोहन कटोच समेत सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान लोकतंत्र बचाओ और वोट के अधिकार की सुरक्षा को लेकर नारेबाजी हुई।

नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनाव पर निर्भर है। कांग्रेस संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

पदयात्रा के दौरान एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली 'वोट बचाओ-देश बचाओ' महारैली में शामिल होने के लिए लोगों को न्यौता दिया गया।