रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित सेवा पर्व के तहत छत्तीसगढ़ से वाराणसी और वडनगर गए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में सम्मान किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी और प्रधानमंत्री की जन्मभूमि वडनगर जाकर सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है।
यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि हमारे युवा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की तपस्या से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें वडनगर से वाराणसी एवं वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा भी कार्यक्रम का हिस्सा है।
इस यात्रा में शामिल होकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल की उपलब्धियों को लेकर जनता से संपर्क किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
"कर्मवीर" ने थपथपाई पीठ
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने छत्तीसगढ़ से वाराणसी से वडनगर गए भाजयुमो कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा, सुशासन और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हमारे युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी और वडनगर में जाकर जो सेवा कार्य किए हैं, वह अत्यंत सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं ने प्रधानमंत्री जी की कर्मभूमि वाराणसी और जन्मभूमि वडनगर में जाकर स्वच्छता अभियान, जनसंपर्क और विकसित भारत के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य किया है। कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत हैं, जो प्रधानमंत्री के 'राष्ट्र प्रथम' के मंत्र को लेकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। यही सेवा भावना वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में सहायक होगी।