डॉ विभूति सिंह/भागलपुर
साइबर ठगों के चंगुल में फंसे एक व्यक्ति की ₹50,000 की राशि साइबर थाना भागलपुर की त्वरित कार्रवाई से वापस कराई गई है। पुलिस की तत्परता से पीड़ित को पूरी रकम वापस मिली है।पुलिस के अनुसार वैशाली जिला निवासी एक व्यक्ति के बैंक खाते से बीते 2 जुलाई को साइबर ठगी के माध्यम से ₹50,000 की अवैध निकासी कर ली गई थी। बैंक से प्राप्त जानकारी में पता चला कि उक्त राशि भागलपुर निवासी एक व्यक्ति के खाते में स्थानांतरित हुई थी।रकम कटने के बाद पीड़ित ने तुरंत साइबर थाना,भागलपुर से संपर्क कर लिखित आवेदन दिया।आवेदन प्राप्त होते ही साइबर थाना ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई शुरू की। आवश्यक विधिक प्रक्रिया अपनाते हुए बैंक और संबंधित खाते को होल्ड कराया गया। पुलिस की इस तत्परता के परिणामस्वरूप पीड़ित की ₹50,000 की संपूर्ण राशि वापस कराई गई।
वहीं भागलपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें। साथ ही निकटतम साइबर थाना से भी संपर्क स्थापित करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।