विजय कुमार साव सरायकेला:: सरायकेला जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डैमडूबी में गुरुवार दोपहर बेखौफ अपराधियों ने पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक माइक्रो फाइनेंस कर्मी से लगभग डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। घटना के दौरान बदमाशों ने एक राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, माइक्रो फाइनेंस कंपनी का कर्मी क्षेत्र में संग्रहण कार्य कर लौट रहा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने उसे रोक लिया। रुपये से भरा बैग छीनने के बाद बदमाशों ने फायरिंग की, जिससे आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। वारदात के बाद अपराधी आराम से फरार हो गए।घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस समय यह लूट हुई, उसी समय ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार जिला मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद थे। ऐसे में अपराधियों द्वारा समय चुनकर वारदात को अंजाम देना पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है।दिनदहाड़े हुई इस लूट और फायरिंग ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
बाईट: अरविंद बिन्हा,एसडीपीओ चांडिल
बाईट: नरेन्द्र भगत, माइक्रो फाइनेंस कर्मी