दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा जिले से रविवार को 23 हाजियों का जत्था पूरे धार्मिक उत्साह और आध्यात्मिक माहौल के बीच उमरा हज की पवित्र यात्रा पर रवाना हुआ। मेहबूब आलम के नेतृत्व में यह जत्था ढेकीपाड़ा से बस द्वारा कोलकाता एयरपोर्ट के लिए निकला, जहां से सभी हाजी हवाई मार्ग से सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का और मदीना पहुंचकर उमरा की अदायगी करेंगे। हाजियों की रवानगी के अवसर पर ढेकीपाड़ा में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। परिजन, रिश्तेदार, मित्र एवं आसपास के गांवों से पहुंचे हजारों लोगों ने हाजियों को फूल-मालाएं पहनाकर, गले लगाकर और दुआओं के साथ भावभीनी विदाई दी। इस दौरान कई लोगों की आंखें नम हो गईं और पूरा वातावरण धार्मिक भावनाओं से सराबोर हो उठा। इस जत्थे में पाकडीह निवासी सेवानिवृत्त पंचायत सचिव सनाउल अंसारी, उनकी पत्नी एवं पुत्र जाहिद हुसैन, पियासोला निवासी मुर्शिद अंसारी तथा उनके पुत्र इमरान अंसारी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों के कुल 23 हाजी शामिल हैं। सभी हाजी कोलकाता से निर्धारित उड़ान के माध्यम से सऊदी अरब के लिए रवाना होंगे। विदाई समारोह में उपस्थित लोगों ने हाजियों से अपने परिवार, जिले और देश की खुशहाली, अमन-चैन तथा तरक्की के लिए दुआ करने का आग्रह किया। सभी ने एक-दूसरे से गले मिलकर अल्लाह से उनके सुरक्षित, सफल और मकबूल सफर की दुआ मांगी। इस अवसर पर मौलाना अली अशरफ रजा ने कहा कि उमरा हर मुसलमान के लिए अत्यंत पवित्र इबादत है। उन्होंने अल्लाह से सभी हाजियों के सफर की कामयाबी, सेहत और सलामती की दुआ करते हुए कहा कि उनकी इबादतें कबूल हों और वे सकुशल अपने वतन लौटें। रवानगी के दौरान लब्बैक अल्लाहुम्मा लब्बैक की सदाओं और दुआओं से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जिले में इस पवित्र यात्रा को लेकर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।