दिनेश कुमार रजक/रफ्तार मीडिया संवाददाता/मिहिजाम

नशाखोरी की बढ़ती समस्या के खिलाफ आवाज उठाते हुए मिहिजाम की बेटियों ने समाज को आईना दिखाया। प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल की छात्राओं ने वार्ड संख्या 14 में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकालकर नशे को ना का बुलंद संदेश दिया। विद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली कुर्मीपाड़ा, रामुखटाल और बढ़ईपाड़ा समेत कई मोहल्लों से गुजरी। छात्राओं के हाथों में तख्तियां और बैनर थे, जिन पर नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो, नशा जिंदगी को खोखला करता है, नशा नहीं, शिक्षा चुनो जैसे नारे लिखे थे। रास्ते भर छात्राओं ने जोरदार नारेबाजी कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। रैली को देखकर स्थानीय लोग भी छात्राओं के हौसले की सराहना करते नजर आए।सभा को संबोधित करते हुए वार्ड पार्षद रवि मिस्त्री ने कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर रहा है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए समाज, अभिभावकों और स्कूलों को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने छात्राओं की इस पहल को बदलाव की शुरुआत बताया। विद्यालय के प्राचार्य अपूर्व मंडल ने कहा कि बेटियां जब आगे आती हैं तो समाज जरूर बदलता है। यह रैली सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को नशे से बचाने का संकल्प है। छात्राओं ने भी शपथ ली कि वे खुद नशे से दूर रहेंगी और अपने दोस्तों-परिवार को भी इसके लिए प्रेरित करेंगी।