सरायकेला: सरायकेला जिले अंतर्गत राजनगर प्रखंड के प्रसिद्ध भीमखंदा प्रांगण में भीमखंदा सेवा ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जन्मदिन के अवसर पर 11वें मेगा रक्तदान, स्वास्थ्य जांच एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शाम तक कुल 57 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।कार्यक्रम में शिक्षाविद एवं वरिष्ठ झामुमो नेता केपी सोरेन समेत अन्य अतिथियों ने पहुंचकर रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने रक्तदान को मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।शिविर में रक्तदान के साथ स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच की भी नि:शुल्क व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इसका लाभ उठाया। आयोजकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति जागरूक किया।रक्तदाताओं के सम्मान में भीमखंदा सेवा ट्रस्ट की ओर से उन्हें टी-शर्ट, छाता और रेनकोट प्रदान किए गए। समाजसेवी गोपाल महतो ने बताया कि ट्रस्ट लगातार सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराना है।शिविर की सफलता में राजकुमार अग्रवाल, जितेंद्र अग्रवाल, डॉ. रुद्र प्रताप महतो, दोल गोविंद महतो समेत ग्रामीणों एवं ट्रस्ट के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।