सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची: अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी द्वारा राजधानी रांची में सोमवार को ‘रन फॉर इंटरनेशनल ओलंपिक’ दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ में पूर्व अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने भाग लिया। बता दें,दौड़ सुबह पुराना विधानसभा परिसर से शुरू होकर धुर्वा गोलचक्कर तक गई और पुनः पुराना विधानसभा पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना तथा फिट इंडिया अभियान को बढ़ावा देना था।
*झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए है अग्रसर- डॉ सरोजनी लकड़ा*
कार्यक्रम की शुरुआत 1980 मॉस्को ओलंपिक हॉकी स्वर्ण पदक विजेता सिल्वानुस डुंगडुंग को आईपीएस अधिकारी डॉ. सरोजनी लकड़ा द्वारा शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद सिल्वानुस डुंगडुंग ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।इस अवसर पर डॉ. सरोजनी लकड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड स्पोर्ट्स सोसाइटी पूर्व खिलाड़ियों की पहचान को बनाए रखने, युवा खिलाड़ियों की समस्याओं के समाधान और राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
*दौड़ में आम लोगों की भी रही सहभागिता*
जेएसएस के महासचिव एवं ध्यानचंद पुरस्कार विजेता सुमराय टेटे ने बताया कि दौड़ में राज्य के पूर्व राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी, ओलंपियन, युवा खिलाड़ी तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान सावित्री पूर्ति, तिलोसफर एक्का, जेवियर गिद्ध, अरविंद कुमार, राजेश कुमार, सुनील कच्छप, वी.एन. खलखो, एलेक्सियस लकड़ा, शिव रमन, सुनील कुल्लू, नमन सूरीन, सलोमी पूर्ति, शाहिना किस्पोट्टा, निकोलस खलखो, सरिता लकड़ा, पुनिता मिंज, अनीमा मिंज, मनोज टोपनो, सुमन तिर्की, जीवन डांग, जोसेफ, अरुण, वरुण कुमार, मनोरंजन प्रसाद, बीरेंद्र लकड़ा और कमल होरो समेत कई पूर्व खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।