संवाददाता: राजन साहू
*कानपुर/उन्नाव* पहाड़ों में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार बैराज पर गंगा चेतावनी बिंदु को पार कर चुकी है और खतरे के निशान को छूने को बेताब है।
मंगलवार को बैराज पर अप स्ट्रीम में गंगा का जलस्तर 114.220 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी बिंदु 114.000 मीटर से 22 सेमी अधिक है। वहीं खतरे के निशान 115.000 मीटर से यह अभी 75 सेमी नीचे है। डाउन स्ट्रीम में जलस्तर 113.070 मीटर रहा।
शुक्लागंज में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। यहां गंगा का जलस्तर 112.750 मीटर मापा गया, जो चेतावनी बिंदु 113.000 मीटर से सिर्फ 25 सेमी दूर है। खतरे का बिंदु 114.000 मीटर है।
बैराज से लगातार भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार गंगा बैराज से 5,44,373 क्यूसिक, हरिद्वार बैराज से 68,661 क्यूसिक और नरौरा बैराज से 1,16,512 क्यूसिक पानी डिस्चार्ज किया गया।
जलस्तर में बढ़ोत्तरी से कटरी क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने कटरी के गांवों पर विशेष नजर रखनी शुरू कर दी है और पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत पड़ने पर राहत दल तैनात किए जाएंगे।
फिलहाल प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।