दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता, जामताड़ा
जामताड़ा शहर के सरकारबांध निवासी रीना देवी की सदर अस्पताल में हुई मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को पूर्व मंत्री सह पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी तथा दुमका लोकसभा क्षेत्र के पूर्व सांसद सुनील सोरेन पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे। दोनों नेताओं ने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि आए दिन एंबुलेंस की कमी, चिकित्सकों की अनुपलब्धता, समय पर इलाज नहीं मिलने से मरीजों की जान जा रही है। उनका आरोप था कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी अपने विभाग की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में विफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि नैतिकता के आधार पर स्वास्थ्य मंत्री को तत्काल अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। अमर बाउरी ने सदर अस्पताल में हुए हंगामे के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज प्राथमिकी को भी राजनीतिक कार्रवाई बताया। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने से भाजपा न तो डरने वाली है और न ही गरीबों की आवाज उठाने से पीछे हटेगी। पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा आम जनता के हितों और गरीबों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। भाजपा नेताओं ने कहा कि यदि सरकार जनहित के मुद्दों पर आवाज उठाने वालों को दबाने का प्रयास करेगी तो पार्टी के हजारों कार्यकर्ता आंदोलन के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी। मौके पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा, प्रदेश कर समिति सदस्य हरिमोहन मिश्रा,भाजपा महिला मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मनीष दुबे,मीडिया प्रभारी आभा आर्य, पूर्व जिला अध्यक्ष संतान मिश्रा, सुरेश राय, भाजपा नेता सुनील हांसदा, माधव चंद्र महतो, दुबराज मंडल,तरुण कुमार गुप्ता,कमल गुप्ता,मोहन शर्मा, चंडी चरण दे,बालमुकुंद दास,मनोज गोस्वामी,डबलू मिश्रा सहित अन्य उपस्थित थे।