फतह सिंह उजाला
गुरुग्राम 20 अगस्त । 19 अगस्त को पुलिस थाना सेक्टर-56, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो, जिसमें हुदा मार्केट पार्किंग सेक्टर 56 गुरुग्राम में महिन्द्रा थार कार के साथ युवक खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी करते हुए दिखाई दे रहे थे, का गुरुग्राम पुलिस द्वारा स्वयं संज्ञान लिया गया। इस संबंध में आरोपियों के विरुद्ध *पुलिस थाना सेक्टर-56, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना सेक्टर-56, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए गुरुवार को उपरोक्त अभियोग की वारदात में शामिल 03 आरोपियों को गुरुग्राम से काबू करके नियमानुसार शामिल अनुसंधान किया गया। आरोपियों की पहचान सक्षम (उम्र 19 वर्ष) निवासी गांव सरगोल, सेक्टर-17/18, गुरुग्राम, सचिन (उम्र 21 वर्ष) निवासी गांव संपका, पटौदी, गुरुग्राम तथा अंकित शर्मा (उम्र 21 वर्ष) निवासी गांव लकड़ीताल भुयाडी, जिला ईस्ट सिंहभूम, झारखंड के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी सक्षम उपरोक्त कार को लापरवाही से चलाकर स्टंट कर रहा था तथा आरोपी सचिन कार पर लटककर स्टंट कर रहा था, जबकि आरोपी अंकित शर्मा द्वारा उक्त स्टंट का वीडियो बनाया गया था। पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त आरोपियों से वारदात में प्रयोग 01 महिन्द्रा थार कार बरामद की गई है। अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। अभियोग अनुसंधानाधीन है। गुरुग्राम पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो एवं प्राप्त शिकायतों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि सुरक्षित, जिम्मेदार एवं अनुशासित तरीके से वाहन चलाएं तथा स्वयं एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें।