दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो 
ग्रीनहाउस गैस  उत्सर्जन में कमी लाने तथा सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बीएसएल के मानव संसाधन विकास विभाग में ईसीएस विभाग के सहयोग से एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन की गणना, उसके प्रभावों, वर्तमान वैश्विक एवं राष्ट्रीय नियमों तथा उत्सर्जन में कमी लाने के उपायों संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।कार्यक्रम के दौरान ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन की गणना हेतु विश्व इस्पात संघ  की विधि पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उत्सर्जन में कमी से संबंधित वर्तमान वैश्विक एवं राष्ट्रीय नियमों, नीतियों तथा इस्पात उद्योग में अपनाई जा रही नवीनतम प्रवृत्तियों एवं सर्वोत्तम प्रथाओं पर चर्चा की गई।
प्रशिक्षण में इस्पात उद्योग में ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन की अवधारणा, उसके स्रोतों तथा पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन एवं उत्पाद लागत पर पड़ने वाले प्रभावों का विस्तार से विश्लेषण किया गया। प्रतिभागियों को उद्योग में उत्सर्जन कम करने की दिशा में अपनाए जा सकने वाले प्रभावी उपायों एवं नवाचारों से भी अवगत कराया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत बीएसएल द्वारा ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी लाने के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई, साथ ही प्रतिभागियों से अपेक्षित योगदान एवं उनकी भूमिका पर विचार-विमर्श किया गया।कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई । अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।