दीनबंधु राउत /रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा शहर के दुमका रोड स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला कार्यालय में रविवार को जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिला समिति, केंद्रीय समिति के सदस्य, सभी प्रखंड समितियों के पदाधिकारी, दोनों नगर अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी गुरुजी मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के सफल आयोजन एवं आदरणीय गुरुजी शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना की तैयारियों की समीक्षा करना था। इस दौरान आयोजन की रूपरेखा, विभिन्न समितियों की जिम्मेदारियां, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्था तथा अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने कहा कि गुरुजी का जीवन संघर्ष, सामाजिक न्याय और झारखंड की पहचान के लिए समर्पित रहा है। गुरुजी मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को खेल के माध्यम से जोड़ने और गुरुजी के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा। प्रतिमा स्थापना से आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और योगदान से प्रेरणा मिलेगी। सभी कार्यकर्ता आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटें। वहीं सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल ने कहा कि गुरुजी झारखंड की अस्मिता और जनआंदोलन के प्रतीक हैं। उनके सम्मान में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। फुटबॉल टूर्नामेंट से खेल प्रतिभाओं को मंच मिलेगा, जबकि प्रतिमा स्थापना गुरुजी के प्रति जनभावनाओं का सम्मान है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा। बैठक के अंत में सभी कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने और आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया गया। मौके पर जिला सचिव परेश यादव, जिला उपाध्यक्ष अशोक मंडल , प्रोफेसर कैलाश प्रसाद, लालू अंसारी, केंद्रीय समिति सदस्य बासुदेब मरांडी, जामताड़ा प्रखंड अध्यक्ष डेबिशन हांसदा, जिला प्रवक्ता आनंद टुडू, नगर अध्यक्ष किशोर रवानी,बंटू आयोजक, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मेरी मरांडी,अमिता टुडू, झामुमो नेता राजा नंद गोपाल सिंह,सकेश सिंह, रणदीप गुप्ता,विजय राउत, पांचू दास,तहा अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।