शिकारीपाड़ा/दुमका/ललित कुमार पाल।
दुमका के शिकारीपाड़ा महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतर्गत राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के बैनर तले देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 'हर घर तिरंगा' अभियान का भव्य आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य सिकंदर प्रसाद सिंह की अध्यक्षता और एनएसएस की प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. अनुराधा जायसवाल की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मियों, छात्र-छात्राओं और स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर से एक भव्य रैली निकालकर की गई, जिसमें शामिल सभी लोगों ने हाथों में तिरंगा थामकर देशभक्ति और अमर शहीदों के बलिदानों को याद करते हुए गगनभेदी नारे लगाए और क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।
रैलियों के समापन के पश्चात महाविद्यालय परिसर में एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें प्राचार्य सिकंदर प्रसाद सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इसके बाद प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. अनुराधा जायसवाल ने अपनी देशभक्ति कविता "पढ़ी देशभक्ति पढ़ाकर आए, नमन है जो सरहद बढ़ाकर आए..." के माध्यम से परिसर को भावविभोर कर दिया और पूरे आयोजन को गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय परिवार से सपन कुमार दान, प्रवीण कुमार सिन्हा, शशि शेखर झा, अब्दुल कलाम, प्रभात सिन्हा, संतोष गुप्ता, दीपक पाल, रेवती साहा, सुमित सिंह के साथ-साथ छात्र-छात्राओं में सूरज मुनि मुर्मू, उर्मिला मरांडी, शांति किस्कु, रमेश तुरी, संतोष दत्ता, राकेश गोराई, लक्ष्मण राय और पीटर किस्कू ने सक्रिय भूमिका निभाई।