रफ़्तार मिडिया बुंडू संवाददाता
बुंडू। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बुंडू प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 90 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त वर्ग कक्ष निर्माण कार्य का शनिवार को शिलान्यास किया गया। यह निर्माण कार्य झारखंड सरकार की डीएमएफटी (DMFT) योजना के तहत कराया जाएगा।शिलान्यास कार्यक्रम में तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा स्थानीय ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।शिलान्यास पट्टिका के अनुसार खूँटी लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण मुंडा एवं तमाड़ विधायक विकास कुमार मुंडा के कर कमलों द्वारा इस योजना का शिलान्यास किया गया।कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य परमेश्वरी साण्डिल भी विशेष रूप से मौजूद रहीं।मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय क्षेत्र की आदिवासी एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि की छात्राओं के लिए शिक्षा का प्रमुख केंद्र है। छात्राओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कक्ष की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। नए भवन के निर्माण से छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा तथा विद्यालय में पठन-पाठन की व्यवस्था और सुदृढ़ होगी।जिला परिषद सदस्य परमेश्वरी साण्डिल ने कहा कि डीएमएफटी फंड का उपयोग शिक्षा और जनकल्याण के कार्यों में होना चाहिए। इस अतिरिक्त कक्ष के निर्माण से क्षेत्र की बेटियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का मार्ग और अधिक प्रशस्त होगा।विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि अतिरिक्त कक्ष बनने के बाद विद्यालय में कक्षाओं के संचालन में सुविधा होगी। साथ ही विज्ञान प्रयोगशाला एवं कंप्यूटर शिक्षा जैसी गतिविधियों के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा।स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि परियोजना समयबद्ध तरीके से पूरी होगी तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा।