रफ़्तार संवाददाता /अभिषेक गुप्ता चान्हो। डीएवी पब्लिक स्कूल, हेहल की कक्षा 10 की छात्रा उन्नति बाघवार ने सीबीएसई ज़ोनल राइफल शूटिंग चैंपियनशिप 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर स्थित मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल में 7 से 11 अगस्त तक आयोजित प्रतियोगिता में उन्नति ने अंडर-17 पीप साइट एयर राइफल महिला वर्ग में 400 में से 394 अंक प्राप्त किए। उन्होंने व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत तथा टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
उन्नति, चान्हो स्थित बाघवार एकेडमी के निदेशक अशोक बाघवार की पुत्री हैं। वह एकलव्य शूटिंग क्लब, रांची में प्रशिक्षक गोविंदा कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय, परिवार और शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। उन्नति इससे पहले भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं।