सोहावल, अयोध्या।
सोहावल क्षेत्र के शेखपुर जाफर गांव की वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। गांव की इस महत्वपूर्ण सड़क का मामला विधानसभा तक पहुंचने के बाद शासन स्तर पर कार्रवाई हुई है। लखनऊ मध्य से विधायक रविदास मेहरोत्रा ने इसे विधानसभा में प्रश्न के माध्यम से उठाया, जिसके बाद सड़क को मंडी समिति से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को हस्तांतरित कर वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार रौनाही- डेवढी संपर्क मार्ग से प्राथमिक विद्यालय शेखपुर जाफर होते हुए गांव के अंदर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सोहावल मार्ग में मिलने वाली यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में थी। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता था।
ग्रामीणों की समस्या को लेकर समाजसेवी मोहम्मद फहीम लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल समेत विभिन्न माध्यमों से शिकायत दर्ज कराई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने विधायक रविदास मेहरोत्रा से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग उठाई। विधायक द्वारा मामला विधानसभा में उठाए जाने के बाद संबंधित विभागों ने संज्ञान लिया।लोक निर्माण विभाग, अयोध्या के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता की रिपोर्ट के अनुसार सड़क को विभागीय सूची में शामिल करते हुए वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में सम्मिलित कर लिया गया है। धनराशि स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।सड़क निर्माण की खबर मिलते ही शेखपुर जाफर गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने समाजसेवी मोहम्मद फहीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी लगातार मेहनत और जनहित के प्रति समर्पण के कारण वर्षों पुरानी समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन और विधायक का भी आभार व्यक्त किया।