सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया विशेष संवाददाता
रांची:झारखंड से बैद्यनाथ राम राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से उनके कांके रोड स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना की।
*झारखंड की मुद्दों को राज्यसभा में उठाने का कार्य करेंगे बैद्यनाथ राम- बैद्यनाथ राम*
वहीं, बैद्यनाथ राम को मिली जीत के बाद राज्य के मुख्यमंत्री सह झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमन्त सोरेन ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि पूरा विश्वास है कि संसद के उच्च सदन राज्यसभा में बैद्यनाथ राम झारखंड की जनभावनाओं, जनअपेक्षाओं, जनहित और विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती एवं प्रभावी ढंग से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के हितों की रक्षा और विकास संबंधी विषयों को राष्ट्रीय मंच पर रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
*मुख्यमंत्री का आभार- बैद्यनाथ राम*
इस दौरान नव निर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व और महागठबंधन के विश्वास ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जिसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे।
*आवास पर उमड़ा समर्थकों का हुजूम*
राज्यसभा चुनाव में जीत की घोषणा के बाद राजधानी रांची स्थित बैद्यनाथ राम के आवास पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सुबह से ही समर्थकों, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर और बधाइयां देकर अपनी खुशी का इजहार किया।इस अवसर पर बैद्यनाथ राम की धर्मपत्नी सीमा राय ने स्वयं कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह केवल उनके परिवार की नहीं बल्कि उन सभी लोगों की खुशी है, जिन्होंने वर्षों तक बैद्यनाथ राम के संघर्ष और मेहनत को करीब से देखा है।
*शिक्षक से राज्यसभा सांसद तक का प्रेरणादायक सफर*
जीत के बाद बैद्यनाथ राम की धर्मपत्नी सीमा राय ने कहा कि बैद्यनाथ राम का राजनीतिक और सामाजिक जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा का उदाहरण रहा है। उन्होंने बताया कि सर्वप्रथम बैद्यनाथ राम ने शिक्षक के रूप में समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई जिसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और विधायक बने। बाद में मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली और अब राज्यसभा सांसद के रूप में नई भूमिका निभाने जा रहे हैं।उन्होंने कहा, "यह हमारे परिवार के साथ साथ लातेहार की जनता के लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण क्षण है। उन्होंने अपने जीवन में कठिन परिश्रम और संघर्ष के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। एक शिक्षक से लेकर विधायक, मंत्री और अब राज्यसभा सांसद तक का उनका सफर प्रेरणादायक है। हमें पूरा विश्वास है कि वे राज्यसभा में भी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे और अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।