दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा ।
जामताड़ा नगर पंचायत क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जामताड़ा नगर पंचायत के अध्यक्ष आशा गुप्ता के अध्यक्षता में शनिवार को सभी वार्ड पार्षदों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जामताड़ा नगर पंचायत परिसर में नगर पंचायत प्रशासन के द्वारा प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार लगाकर यहां के जन समस्याओं को सुना जाएगा। इस पहल के तहत नगर क्षेत्र के नागरिक अपनी वार्ड एवं नगर से जुड़ी समस्याओं को सीधे नगर पंचायत प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे, जिनके समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि नगर क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, जलनिकासी सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए नियमित रूप से जनता दरबार आयोजित किया जाएगा।उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की मंशा है कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े, बल्कि एक ही स्थान पर उनकी शिकायतें सुनी जाएं और समयबद्ध तरीके से उनका निष्पादन किया जाए। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिस वार्ड में भी किसी प्रकार की समस्या हो, उस समस्या को लेकर प्रत्येक मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में अवश्य पहुंचें। इससे नगर पंचायत को भी वास्तविक समस्याओं की जानकारी मिलेगी और प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। वही आशा गुप्ता ने बताया कि जनता दरबार के दौरान नगर पंचायत के सभी वार्ड पार्षद भी नगर पंचायत कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। अपने-अपने वार्ड की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करेंगे, जिससे लोगों को स्थानीय स्तर पर ही राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में जनता दरबार लगाने की प्रेरणा उन्हें जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार के जनता दरबार से मिली है। उपायुक्त की इस व्यवस्था से प्रभावित होकर नगर पंचायत ने भी आम जनता की सुविधा के लिए यह नई पहल शुरू करने का निर्णय लिया है। वहीं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेत ने कहा कि अक्सर नगर क्षेत्र से संबंधित समस्याओं को लेकर लोग उपायुक्त के जनता दरबार में पहुंच जाते हैं। इसे देखते हुए नगर पंचायत ने निर्णय लिया कि नगर से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर ही प्रत्येक मंगलवार को जनता दरबार आयोजित किया जाए। इससे लोगों का समय भी बचेगा और समस्याओं का शीघ्र समाधान भी संभव हो सकेगा। उन्होंने बताया कि जनता दरबार में प्राप्त होने वाली नगर पंचायत से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा। यदि कोई मामला नगर पंचायत के अधिकार क्षेत्र से बाहर का होगा तो उसे संबंधित विभाग या कार्यालय को भेजकर उसके समाधान की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि तरुण कुमार गुप्ता, वार्ड पार्षद दीनबंधु सिंह, विजय राउत, मधुसूदन चंद्र, आलोक किस्कू सहित अन्य वार्ड पार्षद एवं नगर पंचायत के अधिकारी उपस्थित थे।