सौरभ राय/ रफ्तार मीडिया
रांची: इन दिनों देश की राजनीति में नीट परीक्षा में हुए अनियमिता और अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर प्रकरण पर राजनीतिक आरोप प्रत्यारोप का दौर तेज हो चुका है। इस बीच शनिवार को झारखंड की राजधानी रांची में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के राज्य मंत्री एवं रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास अठावले का आगमन हुआ। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक, अयोध्या राम मंदिर विवाद के साथ साथ केंद्र सरकार की उपलब्धियों, झारखंड के यूवाओ को मिलने वाली छात्रवृत्ति सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और वर्ष 2029 में भी एनडीए सत्ता में वापसी करेगा।
*बाबा साहेब का योगदान अतुलनीय, बौद्ध धर्म देता है विश्व शांति का संदेश*
रामदास अठावले ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का देश के संविधान निर्माण और सामाजिक परिवर्तन में अतुलनीय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने वर्ष 1956 में बौद्ध धर्म स्वीकार किया और देश को ऐसा संविधान दिया, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने कई रातें जागकर संविधान तैयार किया था और बौद्ध धर्म पूरी दुनिया को शांति, समानता और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने स्वयं को भी बौद्ध धर्म का अनुयायी बताया।
*देश को कोई बांट नहीं सकता, मोदी 15 साल तक करेंगे नेतृत्व- रामदास आठवले*
वहीं, विपक्ष द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार के कार्यशैली पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं जिस पर केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र है तथा कोई भी ताकत देश को दो हिस्सों में नहीं बांट सकती। उन्होंने कहा कि वह पिछले दस वर्षों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में मंत्री हैं और सरकार के विकास कार्यों से प्रभावित होकर एनडीए के साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले 15 वर्षों तक देश का नेतृत्व करेंगे तथा वर्ष 2029 के आम चुनाव में भी जनता एनडीए को ही सत्ता सौंपेगी।
*देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई, करोड़ों लोगों को योजनाओं का लाभ*
वहीं,केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की दसवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से चौथे स्थान तक पहुंच चुकी है। उन्होंने दावा किया कि देश में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में देशभर में सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है।उन्होंने झारखंड का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में 2 करोड़ 56 लाख लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं तथा 39 लाख 82 हजार लोगों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है।
*हेमंत सोरेन को जनता का जनादेश मिला है इसलिए वे मुख्यमंत्री हैं*
झारखंड की राजनीति पर पूछे गए सवाल के जवाब में अठावले ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जनता के बहुमत से चुने गए हैं और इसी कारण वे मुख्यमंत्री बने हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन और राज्य गठन में शिबू सोरेन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा उनके साथ उनके व्यक्तिगत संबंध भी अच्छे रहे हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि उनका लक्ष्य झारखंड में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के संगठन को और अधिक मजबूत करना है।
*कैबिनेट विस्तार में नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है- रामदास आठवले*
केंद्रीय मंत्रिमंडल के संभावित विस्तार की खबरों को लेकर उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि उनका अनुमान है कि आगामी विस्तार में कुछ नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है हालांकि अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री और पार्टी नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।
*राज्य सरकार समय पर रिपोर्ट भेजे तो मिलेगी छात्रवृत्ति- रामदास आठवले*
झारखंड के यूवाओ को मिलने वाली छात्रवृत्ति लंबे समय से लंबित है जिसको लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले ने स्पष्ट रूप से बताया कि केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार यदि राज्य सरकार समय पर आवश्यक रिपोर्ट उपलब्ध कराती है तो उनका मंत्रालय निर्धारित 60 प्रतिशत राशि जारी करेगा। उन्होंने कहा कि सभी पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति मिलनी चाहिए और इसके लिए राज्य सरकार को समयबद्ध एवं पूर्ण रिपोर्ट भेजनी होगी।
*महिला आरक्षण विधेयक फिर आ सकता है*
संसद के आगामी मानसून सत्र पर उन्होंने कहा कि पिछले सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित नहीं हो सके थे। ऐसे में संभावना है कि महिला आरक्षण विधेयक को दोबारा संसद में लाया जाए।
*नीट पेपर लीक पर राजनीति नहीं, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई- आठवले*
हाल ही में हुए नीट पेपर लीक मामले पर अठावले ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने की बजाय दोषियों को सजा दिलाने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को उचित नहीं बताया।
*राम मंदिर मामले में एसआईटी कर रही जांच दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा*
अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण में कथित अनियमितताओं के आरोपों पर रामदास आठवले ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार के घोटाले के आरोप लगाए गए हैं तो उनकी जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है और जांच प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा अगर जांच में कोई भी व्यक्ति दोषी पाया गया तो उन्हें बख्शा नहीं जाएगा सख्त से सख्त कार्रवाई होगी जांच पूरी होने के बाद सच्चाई सामने आ ही जाएगी।
*झारखंड का बकाया होगा तो दिलाने का करेंगे प्रयास*
वहीं, बकाया राशि पर झारखंड सरकार द्वारा केंद्र पर संगीन आरोप लगाए जाते हैं इस मामले पर से रामदास आठवले ने कहा कि यदि राज्य का कोई वैध बकाया है तो उसे अवश्य मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस विषय पर प्रधानमंत्री से मुलाकात कर सकते हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे स्वयं भी इस दिशा में पहल करेंगे ताकि यदि झारखंड का कोई बकाया है तो वह राज्य को प्राप्त हो सके।