संवाददाता: राजन साहू

कानपुर: कानपुर नगर निगम में अनुशासनहीनता और लापरवाही के खिलाफ नगर आयुक्त का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को स्वच्छता एवं मार्ग प्रकाश विभाग के कर्मचारी कमरुद्दीन को निलंबित कर दिया गया।

नगर निगम प्रशासन के अनुसार जांच में सामने आया कि कमरुद्दीन हाजिरी रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद कार्यालय से गायब हो जाता था। साथ ही उस पर कार्य के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता के आरोप भी सिद्ध हुए।

नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से उसे निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए। निलंबन अवधि में उसका मुख्यालय नगर आयुक्त कार्यालय रहेगा और विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले ही मार्ग प्रकाश विभाग के 11 स्विचमैन को भी इसी तरह की लापरवाही के कारण निलंबित किया गया था। लगातार हो रही कार्रवाई से निगम कर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि जनता से जुड़ी सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।