सहरसा।शहर के रिफ्यूजी कॉलोनी चौक स्थित मेहमानजी गेस्ट हाउस में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत कुल छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है।
पुलिस को गेस्ट हाउस में अनैतिक गतिविधियों के संचालन की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद सदर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मंगलवार को छापेमारी की। इस दौरान गेस्ट हाउस के विभिन्न कमरों की तलाशी ली गई और संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद एक महिला तथा पांच पुरुषों को हिरासत में लिया गया।
छापेमारी में सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान, महिला थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल था। एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, जिनकी वैज्ञानिक जांच की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में कुछ संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले हैं। हिरासत में लिए गए लोगों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की जा सके। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह कथित धंधा कब से संचालित हो रहा था।
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत कुल छह लोगों को हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर सेक्स रैकेट संचालित होने की बात सामने आई है। फिलहाल गेस्ट हाउस को सील कर दिया गया है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।