दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।
जामताड़ा जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को आउटडोर स्टेडियम में 21वीं जामताड़ा जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 246 खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 सहित पुरुष एवं महिला वर्ग की विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि डीडी भंडारी, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित सरन एवं सेंट एंथनी स्कूल के निदेशक सह जिला खेल समन्वयक चंचल भंडारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों को शॉल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ डी डी भंडारी ने कहा कि एथलेटिक्स विश्वभर में लोकप्रिय खेल है। खिलाड़ियों को पदक हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और कौशल विकास पर ध्यान देना चाहिए। भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित सरन ने कहा कि जामताड़ा में खेलों की आधारभूत संरचना को बेहतर करने की दिशा में जल्द कार्य किया जाएगा और खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। चंचल भंडारी ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ खेलों से भी जोड़ना जरूरी है। खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। एसोसिएशन के सचिव सरोज यादव ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने बताया कि 21 एवं 22 अगस्त को धनबाद में आयोजित सब-जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन किया गया है। प्रतियोगिता में 1500 मीटर बालिका वर्ग में आस्थामा मुर्मू प्रथम, सावित्री टुडू द्वितीय और टोम्बर किस्कू तृतीय रहीं। अंडर-18 बालक 100 मीटर में छोटू टुडू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरुष गोला फेंक में सुमित सिंह प्रथम रहे। अंडर-18 बालिका 200 मीटर में नीतू राज प्रथम रहीं, जबकि अंडर-14 बालिका भाला फेंक में तोनी घोष ने 16.03 मीटर के प्रदर्शन के साथ पहला स्थान हासिल किया। मौके पर सुस्मिता खां, सुनील ओझा, सुरेश मिस्त्री, सुमित झा सहित अन्य का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।