संवाददाता: राजन साहू

कानपुर।चौबेपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव के पास शुक्रवार को बकरी चराने गईं चार लड़कियां नून नदी में नहाने के दौरान डूब गईं। हादसे में ग्रामीणों ने तीन बच्चियों को तत्काल बाहर निकाल लिया, जबकि 11 वर्षीय वर्षा की तलाश अभी जारी है।

जानकारी के अनुसार त्रिलोकपुर गांव की चार लड़कियां दोपहर में बकरी चराते समय नून नदी के किनारे पहुंची थीं। गर्मी के चलते वे नहाने लगीं, तभी गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। शोर सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीन बच्चियों को नदी से निकाल लिया।

घटना की सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। गोताखोरों की मदद से लापता बच्ची वर्षा की तलाश की जा रही है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस ने तीनों बच्चियों को उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।