नगरपालिका आम निर्वाचन 2026: जामताड़ा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, आठ चेकनाका व दो फ्लाइंग स्क्वॉड गठित
जामताड़ा से दिनबंधु राउत
जामताड़ा में नगरपालिका आम निर्वाचन चुनावों 2026 को निष्पक्ष, भयमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चुनाव को प्रभावित करने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, अवैध सामग्रियों की बरामदगी व परिवहन पर रोक तथा आदर्श आचार संहिता के सख्त अनुपालन के उद्देश्य से जिले में व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। इसी क्रम में जिला अंतर्गत जामताड़ा एवं मिहिजाम थाना क्षेत्र में कुल आठ चेकनाका स्टैटिक सर्विलांस टीम तथा दो फ्लाइंग स्क्वॉड टीम का गठन कर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। इन टीमों को लगातार सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा द्वारा गठित चेकनाका एवं स्टैटिक सर्विलांस टीमों का भौतिक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान मिहिजाम थाना क्षेत्र के कानगोई चेकपोस्ट, कानगोई रेल फाटक चेकपोस्ट, हॉसीपहाड़ी चेकपोस्ट एवं निर्मल महतो चौक चेकपोस्ट का जायजा लिया गया। वहीं जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गायछांद, पोसई, इंदिरा चौक एवं सुपाईडीह चेकपोस्ट का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में चेकपोस्ट पर उपलब्ध आवश्यक संसाधनों, सुरक्षा व्यवस्था एवं कार्यप्रणाली की जांच की गई। पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को सभी प्रकार के वाहनों की सघन जांच, चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध सामग्री की तत्काल जब्ती तथा आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर परिचारी प्रवर, पुलिस केंद्र जामताड़ा तथा संबंधित थाना प्रभारी भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Raftaar Media | सच के साथ