बगहा / मोहम्मद इम्तियाज: बगहा (पश्चिम चंपारण) के नगर परिषद वार्ड संख्या 24 स्थित मस्तान टोला में शुक्रवार को मदरसा परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में छात्रों, उनके अभिभावकों, शिक्षकों एवं मदरसा कमेटी के सदस्यों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता मदरसा के सचिव नुरुल्लाह अंसारी ने की, जिसमें शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर विशेष जोर दिया गया।
सचिव ने कहा कि मदरसा का उद्देश्य केवल धार्मिक शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना भी है, ताकि वे समाज और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, समय पर मदरसा आने और पढ़ाई के दौरान अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि सभी छात्र निर्धारित ड्रेस में ही मदरसा आएंगे। शिक्षकों को पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए और कार्यों का बंटवारा भी किया गया।
अभिभावकों से अपील की गई कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें, रोजाना होमवर्क जांचें और उन्हें पढ़ाई के लिए प्रेरित करें। इस पहल से क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की उम्मीद जताई गई है।