रफ्तार मीडिया / संवाददाता जामताड़ा जामताड़ा
जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला आपूर्ति विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में खाद्यान्न वितरण, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस), लाभुकों के ई-केवाईसी, धान अधिप्राप्ति तथा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सभी पीडीएस दुकानों में सूचना पट्ट पर खाद्यान्न स्टॉक, वितरण माह और आवंटन संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिले की सभी पीडीएस दुकानों में खाद्यान्न के साथ-साथ धोती, साड़ी एवं लूंगी वितरण के लिए प्रत्येक माह दो निर्धारित दिवस तय किए जाएं। इन तिथियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा निर्धारित दिनों में सभी दुकानों को अनिवार्य रूप से खुला रखने का भी निर्देश दिया गया। उन्होंने वितरण कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में ई-केवाईसी की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 78 प्रतिशत लाभुकों का ई-केवाईसी कार्य पूरा हो चुका है। उपायुक्त ने शत-प्रतिशत ई-केवाईसी लक्ष्य हासिल करने के लिए डीलरवार लक्ष्य निर्धारित कर प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा करने का निर्देश दिया। साथ ही खाद्यान्न परिवहन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पीडीएस एवं डोर-स्टेप डिलीवरी वाहनों की जीपीएस के माध्यम से निगरानी तथा वाहनों पर स्पष्ट पहचान संबंधी बैनर लगाने के निर्देश दिए गए। बैठक में यह भी बताया गया कि धान अधिप्राप्ति के तहत राइस मिलों से 92 प्रतिशत सीएमआर प्राप्त हो चुका है तथा माह के अंत तक शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा होने की संभावना है। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी क्यूम अंसारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।