रांची: सोशल मीडिया पर पूर्व गर्लफ्रेंड की निजी तस्वीर और वीडियो वायरल करना एक युवक को महंगा पड़ गया। एयरपोर्ट थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी युवक निहाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता और आरोपी निहाल के बीच करीब 3 साल तक प्रेम संबंध था। संबंध टूटने के बाद निहाल ने सोशल मीडिया पर लड़की की निजी तस्वीरें और वीडियो वायरल कर दिए। परेशान पीड़िता ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की
एयरपोर्ट थाना प्रभारी को सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने हिनू से आरोपी निहाल को हिरासत में लेकर थाने लाया। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्ती से जांच की जा रही है।
खबर लिखे जाने तक पुलिस आरोपी के मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि तस्वीरें और वीडियो कहां-कहां भेजे गए और वायरल किए गए।
क्या कहता है कानून
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी पर आईटी एक्ट और महिलाओं की गरिमा से जुड़ी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। निजी तस्वीरें वायरल करना साइबर क्राइम की श्रेणी में आता है और इसमें सख्त सजा का प्रावधान है।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।