कासगंज शहर के मालगोदाम चौराहा और मिशन चौराहा के बीच आज सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां कछला गंगा घाट से गंगा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर से गिरकर एक वृद्ध की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एटा जिले के थाना कोतवाली देहात अंतर्गत वीरमपुर गांव निवासी प्रवीण (36) पुत्र राजाराम अपने दो माह पूर्व खरीदे गए नीले रंग के पॉवरट्रैक 439 ट्रैक्टर से गांव के करीब 35 लोगों को कछला घाट गंगा स्नान कराने ले गए थे।

वहीं आज सोमवार को गंगा स्नान के बाद सभी लोग वापस अपने गांव लौट रहे थे। तभी ट्रैक्टर मालगोदाम चौराहे से मिशन चौराहे के मध्य पहुंचा, बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर के आगे बैठे 65 वर्षीय वृद्ध छोटेलाल पुत्र मुंशीलाल निवासी नगला गोजिया, थाना कोतवाली देहात, एटा को झपकी आ गई। नींद का झोंका आने से वह असंतुलित होकर सीधे नीचे गिर पड़े और ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गए। हादसे में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद वाहन मालिक प्रवीण और साथी संजय ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल छोटेलाल को जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों और थाना कोतवाली देहात (एटा) पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार अन्य सभी लोग अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुके हैं।

रिपोर्ट जितेंद्र सिंह कासगंज