विभूति सिंह/भागलपुर: किरण देवी हत्याकांड मामले में 2 अपराधकर्मी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गत दिनों शाहकुंड थाना को सूचना मिली थी कि सरहा निवासी स्व जनार्दन यादव की पत्नी किरण देवी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। सूचना का सत्यापन व उद्भेदन तथा अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव के निर्देशन व पुलिस अधीक्षक नगर शैलेन्द्र सिंह की निगरानी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विधि व्यवस्था और शाहकुंड थाना अध्यक्ष अनिल कुमार साव के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। गठित टीम द्वारा लगातार छापेमारी के क्रम में इस कांड में संलिप्त प्राथमिकी अभियुक्त सुल्तानगंज थाना क्षेत्र स्थित कटहरा निवासी राहुल कुमार तथा बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र स्थित सिलोटा निवासी निरंजन कुमार यादव को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं इस कांड में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस कांड में संलिप्त एक अपराधकर्मी सरहा निवासी सुशील यादव की पत्नी सुमित्रा देवी को विधिवत गिरफ्तार कर पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।